गोरखपुर के सहजनवां में हत्या किए गए बेटों और पिता का शव रविवार शाम कालेसर मोक्ष धाम पर एक ही चिता पर जले तो सबकी आंखें नम हो गईं। अवधेश के छोटे भाई शिवम ने मुखाग्नि दी। इस दौरान गांव वाले, रिश्तेदार जो भी मौजूद थे, रो पड़े। मासूम बच्चों की मौत लोगों को ज्यादा दर्द दे रही थी। लोग भी बोले, अगर अवधेश की गलती थी तो फिर बच्चों को क्यों मारा?
शव मोक्ष धाम पर पहुंचने से पहले सड़क किनारे ही दादी सुभावती खड़ी थीं। बेटे के शव से लिपटने के बाद दहाड़े मारकर रोने लगीं। वहीं, अपने पोतों के शव से लिपटने के बाद वह बदहवास हो गईं। मौजूद घरवाले और रिश्तेदारों ने किसी तरह से उन्हें संभाला और फिर घर लेकर चले गए। मोक्ष धाम पर मौजूद सभी पुलिस कर्मियों की आंखें नम हो गईं।
अवधेश गुप्ता के सबसे छोटे भाई शिवम ने एक ही चिता पर तीनों शवों को सायं छह बजे मुखाग्नि दी। निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह व सहजनवां थाने के एसएसआई अवधेश पांडेय सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
टूटी थी सिर की हड्डी, गले पर घाव
गोरखपुर तिहरा हत्याकांड।
- फोटो : अमर उजाला।
दो डॉक्टरों के पैनल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। सामने आया कि तीनों के सिर की हड्डी टूटी हुई थी। तीनों के गले पर धारदार हथियार से रेता गया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया।
नीलम ने खुद ही दिए थे शराब के लिए रुपये
पुलिस की जांच में सामने आया है कि अवधेश शराब के नशे में रात आठ बजे जब घर आया तो पत्नी नीलम ने फिर से उसे शराब पीने के लिए रुपये दिए और इसके बाद फिर ज्यादा शराब पीकर वह घर आया। इसके बाद वह इतने नशे में था कि उठ भी नहीं पा रहा था। इसी का फायदा उठाकर नीलम ने उसे मौत के घाट उतारा और फिर मासूम बच्चों को मारा।
डीजीपी ने लिया मामले का संज्ञान
तीन लोगों की हत्या की खबर आधी रात के बाद डीजीपी तक भी पहुंच गई। डीजीपी ने तत्काल एडीजी अखिल कुमार, आईजी जे रविंद्र और प्रभारी एसएसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से अलग-अलग जानकारी ली। उनके फोन के बाद सभी अफसर मौके पर पहुंच गए थे और सुबह होने से पहले ही खुलासा कर उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई थी।
पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता था अवधेश
पत्नी और बच्चों के साथ अवधेश अलग रहता था। थोड़ी दूरी पर मां सुभावती अपने छोटे बेटे मोनू के साथ रहती थी। सभी भाई अलग-अलग मकान में रहते हैं। वारदात वाली रात अवधेश और बच्चे अलग-अलग कमरे में सोए थे।