गोरखपुर। इंडस्ट्रियल उपकेंद्र के दिग्विजयनगर में सोमवार देर शाम हाईटेंशन तार पर हवा से पेड़ गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए पेड़ हटाने का कार्य बिजली निगम की ओर से देर रात तक चलता रहा। बिजली गुल होने से 50 घरों के लोग गर्मी में परेशानी झेलते रहे।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम लगभग 6:30 के आसपास अचानक बिजली के तार पर पेड़ गिर गया। इससे तार के टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि इससे कोई हताहत नहीं हुआ। यहां के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा व मोहल्लेवासियों ने सूचना तत्काल बिजली निगम व नगर निगम को भी दी। इसके बाद बिजली निगम के लाइनमैन पहुंचकर पेड़ को हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने लगे। खबर लिखे जाने तक कार्य जारी था, बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं बक्शीपुर के अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि दिग्विजयनगर में पेड़ तार पर गिरा है। पेड़ हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।