गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में सोमवार सुबह चार मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग थर्ड फ्लोर पर लगी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग चिल्लाते हुए नीचे की ओर भागे। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। मकान मालिक ऋषभ कश्यप के अनुसार, आग से करीब पांच लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
मिर्जापुर निवासी ऋषभ कश्यप ड्राइ फ्रूट्स का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8 बजे थर्ड फ्लोर की खिड़की पर लगे विंडो एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग कमरे में फैल गई। घर में मौजूद सभी 10 सदस्य किसी तरह नीचे भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही राजघाट पुलिस और फायर स्टेशन गोलघर की टीम मौके पर पहुंच गई।
फायर ब्रिगेड कर्मी आग बुझाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि मकान संकरी गली में स्थित है, जिसके चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को दूर खड़ा करना पड़ा। इससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फायर ब्रिगेड टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के लोग भी एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए थे।