गोरखपुर। जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया ट्रामा सेंटर दो साल से बनकर तैयार है लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। चिकित्सकों और कर्मचारियों की तैनाती से लेकर आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था तक की प्रक्रिया अटकी हुई है। स्वास्थ्य विभाग अब इसके संचालन के लिए चौथी बार शासन को पत्र लिखने की तैयारी कर रहा है।
जिला अस्पताल में करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से छह बेड का ट्रामा सेंटर बनाया गया है। इसके शुरू होने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों के साथ ब्रेन हैमरेज, हार्ट अटैक और अन्य आपात स्थितियों में भी तत्काल उपचार मिल सकता था। योजना के तहत मौजूदा इमरजेंसी को ट्रामा सेंटर में स्थानांतरित किया जाना था। यहां 24 घंटे इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, आर्थोपेडिक और सर्जरी विशेषज्ञों के साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती होनी थी।
ट्रामा सेंटर में ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे और पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा दो नर्सिंग स्टेशन और मरीजों के रिकॉर्ड रखने के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। हालांकि, भवन तैयार होने के बाद भी इन सुविधाओं को शुरू करने की दिशा में जरूरी कदम नहीं उठाए जा सके हैं।
वर्तमान में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी जांच की सुविधा नहीं है। ऐसे में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता है। ट्रामा सेंटर शुरू होने से मरीजों को जिला अस्पताल में ही शुरुआती और जरूरी उपचार मिल सकेगा। इसके बावजूद डॉक्टरों की तैनाती और उपकरणों की उपलब्धता नहीं होने से इसका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीके सुमन ने कहा कि ट्रामा सेंटर के संचालन के लिए कर्मचारियों की तैनाती और उपकरणों के लिए शासन को पत्र भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद इसे शुरू किया जाएगा।