गोरखपुर। मुरादाबाद-बरेली रेलखंड के बीच इंजीनियरिंग कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने यातायात ब्लॉक लिया है। इसके कारण इस माह में कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनों को विलंब से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, लालगढ़ से 3, 5, 7, 10, 12, 14, 16, 19, 21, 23 और 29 जुलाई को चलने वाली 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को मुरादाबाद-रामपुर-बरेली कैंट के बजाय मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट मार्ग से संचालित किया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन रामपुर स्टेशन पर नहीं रुकेगी, जबकि बरेली जंक्शन के स्थान पर बरेली कैंट स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।
इसके अलावा कई ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जाएगा। 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस 4, 6, 9, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 26, 28 और 30 जुलाई को 45 मिनट विलंब से चलेगी, जबकि 24 जुलाई को यही ट्रेन 90 मिनट नियंत्रित रहेगी। 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस 4, 8, 11 और 15 जुलाई को 30 मिनट की देरी से संचालित होगी। वहीं, 14603 नरपतगंज-अमृतसर एक्सप्रेस 24 जुलाई को डेढ़ घंटे विलंबित रहेगी।
इसी क्रम में 55301 मुरादाबाद-लालकुआं सवारी गाड़ी, 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस और 20506 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस भी 26 जुलाई को क्रमशः 30, 30 और 90 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएंगी।