सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर दो दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। शुक्रवार व शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शहर में दोपहर 12 से दो बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कुछ जगहों पर ऑटो, ई-रिक्शा आदि के भी आने जाने पर रोक रहेगी।
इस तरह से लागू रहेगी व्यवस्था
- अग्रसेन तिराहे से जुबिली तिराहा एवं बक्शीपुर चौराहा की तरफ ई-रिक्शा और ऑटो पर प्रतिबंध रहेगा। ये वाहन अग्रसेन तिराहा से टाउनहाल, कचहरी चौराहा होकर अपने स्थान पर जाएंगे।
- आंबेडकर चौराहा से तमकुही तिराहा की तरफ जाने वाले ई-रिक्शा एवं ऑटो आवश्यकतानुसार आंबेडकर चौराहा से छात्रसंघ भवन की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन आंबेडकर चौराहा से छात्रसंघ भवन होकर अपने स्थान की ओर जाएंगे।
- रोडवेज तिराहा से पुलिस लाइन तिराहा की तरफ रोडवेज की बसें नहीं जाएंगी। इन बसों को आवश्यकतानुसार रोडवेज तिराहा से सीधे महाराणा प्रताप की मूर्ति की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- रोडवेज बस डिपो से वाराणसी, लखनऊ की तरफ जाने वाली बसें विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, पैडलेगंज, टीपी नगर चौराहा होकर अपने स्थान पर जाएंगी।