- व्यापारियों ने कहा-धनतेरस के अवसर पर प्रशासन को अतिरिक्त पार्किंग की करनी चाहिए व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सड़कों पर वाहन खड़ा करने से जाम लग रहा है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। धनतेरस पर तो लोग एक साथ बाजार में खरीदारी करने निकलते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए।
समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन जायसवाल बताते हैं कि संगठन की ओर से व्यापारियों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि वह हर ग्राहक से वाहनों को पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के लिए कहें। दुकानों के बाहर पोस्टर लगाएं कि सभी ग्राहक वाहनों की पार्किंग उचित जगह पर करें जिससे दुकानों के बाहर जाम न लगे। प्रशासन को प्रयास करना चाहिए कि दिवाली व धनतेरस में अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए। गोलघर व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक जायसवाल ने बताया कि बाजार के आसपास खाली जगहों और भवनों को जहां गाड़ी पार्क हो सकती है उनसे कुछ दिनों के लिए उस जगह को किराए पर या निशुल्क लेना चाहिए। बहुत से भवन ऐसे हैं जो किसी कारण से या विवादों के कारण इस्तेमाल नहीं हो रहे। उनके मालिकों से बात करके उस जगह को पार्किंग के लिए लेना चाहिए। स्कूल, कॉलेज, बैंक आदि के परिसर को भी इस्तेमाल किया जा सकता है।