गोरखपुर। विरासत गलियारे को लेकर पांडेयहाता पुलिस चौकी से घंटाघर व हिंदी बाजार में भी ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा है। ऐसे में कई व्यापारियों का व्यापार नहीं हो पा रहा है। घंटाघर की सड़कों पर कुछ सैंपल लिए दुकानदार आने-जाने वालों को दिखा कर गोदाम से लाकर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
सोमवार को देखा गया कि व्यापारी एक तरफ तो अपनी दुकानों को तुड़वा रहे हैं। वहीं इसके साथ ही दुकान बंद होने के बावजूद कुछ आमदनी होने के लिए भी परेशान हैं। घंटाघर चौराहे पर एक तरफ एक दुकानदार फुटपाथ पर सिंहोरा व मऊर बेच रहा था। वह माल कम रखा था। वहीं ठीक चौराहे पर दो पहिया वाहनों को खड़ा कर उसपर बैठ कर आने-जाने वालों को सैंपल दिखाया जा रहा था।
शादी-विवाह के समय प्रयोग होने वाले रंगी छोटे-छोटे खूबसूरत वस्त्र हाथ में लिए दिखा रहे थे। वहीं सिंहोरा लिए दुकानदार भी खड़े थे। साथ ही चौराहे पर अन्य दुकानदार भी बिना सामान हाथ में लिए बस ग्राहकों की खरीदारी का मन जानने की कोशिश कर रहे थे। व्यापारियों का कहना है कि ध्वस्तीकरण के कारण हमें ज्यादा नुकसान हो रहा है। सीजन में माल डंप पड़ा है।