घटना स्थल पर निरीक्षण करने पहुंची डीआरएम मोनिका अग्निहोत्री।
- फोटो : BASTI
बस्ती यार्ड में बुधवार की रात बेपटरी हुए मालगाड़ी के छह वैगन को दुरुस्त कर 20 घंटे 30 मिनट बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू करा दिया गया। बृहस्पतिवार की शाम करीब 6.35 बजे पहली ट्रेन के रूप में दिल्ली से गोरखपुर जा रही 12554 वैशाली एक्सप्रेस को प्लेटफार्म चार से गुजारा गया। मालगाड़ी के बेपटरी होने से तीन पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया गया जबकि 13 ट्रेनें विलंब से चलीं। उधर, रेल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, तीन सदस्यीय टीम जांच कर सप्ताह भर में रिपोर्ट देगी।
बुधवार की रात 10.05 बजे मध्यप्रदेश के रींवा से सीमेंट लेकर बस्ती पहुंची मालगाड़ी स्टेशन से 100 मीटर पहले ही पांडेय बाजार रेल क्रासिंग के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। छह वैगन पटरी से उतर गए। दो वैगन के पहिए सीमेंट के लोड के कारण धंस गए जिससे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। मालगाड़ी में लदे सीमेंट को बस्ती में ही उतारा जाना था। प्लेटफार्म छह पर जा रही मालगाड़ी के बेपटरी होने की सूचना से स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई।
मौके पर आरपीएफ, जीआरपी टीम के अलावा रेलवे की तकनीकी टीम भी पहुंच गई। गोरखपुर और गोंडा से दुर्घटना राहत यान भी पहुंच गया और वैगन को पटरी पर लाने का काम शुरू करा दिया गया। बृहस्पतिवार को अपराह्न 3.20 बजे वैगन को पटरी पर लाकर रेलवे ट्रैक को दुरुस्त कर लिया गया। हालात का जायजा लेेने डीआरएम मोनिका अग्निहोत्री बृहस्पतिवार शाम 4.30 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचीं। दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीआरएम ने रेल अधिकारियों और तकनीकी टीम से बातचीत की।
मालगाड़ी के छह वैगन पटरी से उतर गए थे, जिन्हें युद्ध स्तर पर कार्य कराकर पटरी पर लाया गया। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ एनईआरक्रेन की मदत से मालगाड़ी का डिब्बा हटाते रेलकर्मी।
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
- मालगाड़ी डिरेल होने के चलते गाड़ी संख्या 15529 अप जन साधारण एक्सप्रेस, 15708 डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस, डाउन की गाड़ी संख्या 11015 कुशीनगर एक्सप्रेस, 12554 वैशाली एक्सप्रेस, 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस (13020) समेत 13 ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं।
---
सवारी गाड़ियां निरस्त की गईं
- दुर्घटना के चलते सवारी गाड़ी संख्या 55026 गोण्डा-गोरखपुर पैसेंजर व गाड़ी संख्या 55001/55002 गोरखपुर-अयोध्या-गोरखपुर पैसेंजर 16 जनवरी को निरस्त कर दिया गया।
---------------
ट्रेनों के इंतजार में बैठे रहे यात्री
- लंबी दूरी के अलावा कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्री भी ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर बैठे रहे। ज्यादातर लोग पूछताछ काउंटर पर गाड़ी के बारे में जानकारी लेते नजर आए। सभी को यही जवाब दिया जा रहा था की मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए हैं, जिसकी वजह से ट्रेनें लेट हो गई हैं।
गोंडा-बढ़नी के रास्ते चलाई गईं ये ट्रेनें
15113 लखनऊ जं0-छपरा कचहरी एक्सप्रेस।
12558 आनन्द विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस।
12566 नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस।
12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस।
15212 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस
12542 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस।
12598 छत्रपति शिवाजी महराज टर्मिनस मुंबई-गोरखपुर एक्सप्रेस
नाराज यात्रियों ने इंजन पर फेंके पत्थर
गोरखधाम एक्सप्रेस में सवार यात्री समय से गंतव्य तक न पहुंचने से परेशान दिखे। उनके सब्र का बांध उस समय टूट गया, जब गाड़ी टिनिच पहुंची। ट्रेन काफी देर तक खड़ी रही तो यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया।
शाम 04.30 बजे पहले लोगों ने शोरगुल किया। इसके बाद कुछ नाराज यात्रियों ने इंजन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर चालक ने कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। चौकी प्रभारी टिनिच जय प्रकाश चौबे मय फोर्स तत्काल स्टेशन पहुंचे और यात्रियों को समझाबुझाकर शांत कराया।