फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: बोटिंग बंद कराने के मामले में आया नया मोड़, पर्यटन निगम करेगा शिकायत

Wed, 19 Feb 2020 08:26 AM IST
vivek shukla डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
Ramgadh taal - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रामगढ़ताल में अवैध तरीके से संचालित जार्बिंग बॉल गेम की आड़ में पुलिस ने जबरन बोटिंग भी बंद करा दी। इस मामले में अब पर्यटन निगम शासन के अपने उच्चाधिकारियों से शिकायत करेगा। निगम का कहना है कि रामगढ़ताल में बोटिंग के लिए संबंधित फर्म से तीन साल का अनुबंध हुआ है। मगर पुलिस ने बिना निगम को बताए बोटिंग बंद कर दी जिससे पर्यटकों को तो दिक्कत होगी ही बोटिंग का संचालन कर रही संस्था और पर्यटन निगम को आर्थिक क्षति भी पहुंचेगी।
विज्ञापन


इस मामले में पुलिस का कहना है कि उन्होंने जीडीए के निर्देश पर बोटिंग बंद कराई जबकि प्राधिकरण का कहना है कि उन्होंने प्राधिकरण द्वारा संचालित सिर्फ जार्बिंग बॉल गेम, स्पीड बोट और जेट स्की के संचालन पर रोक लगाने के लिए पत्र लिखा था। मोटर और पैडल बोट का संचालन पर्यटन निगम द्वारा किया जाता है। ऐसे में प्राधिकरण को उसे बंद कराने का अधिकार ही नहीं।

बता दें कि बिना प्राधिकरण से अनुबंध के रामगढ़ताल में संचालित जार्बिंग बॉल में शहर के एक युवक की मृत्यु हो गई थी। प्राधिकरण ने अगले दिन ही इस खेल का संचालन करने वाली फर्म को नोटिस दिया और उसे बंद करा दिया। साथ ही 14 फरवरी से शुरू होने वाली स्पीड बोट और जेट स्की गेम पर भी रोक लगा दी। बिना अनुबंध के ये तीनों गेम संचालित न हो इसके लिए प्राधिकरण ने रामगढ़ताल थाने की पुलिस को भी पत्र लिखा था। मगर पुलिस ने रविवार को पर्यटन निगम द्वारा संचालित बोटिंग भी बंद करा दी। 
विज्ञापन

निगम को हर माह 1.66 लाख रुपये देती है संस्था

पर्यटन निगम की तरफ से बोटिंग के लिए वर्ष 2018 में निषाद नौकायन विकास समिति से एक साल का अनुबंध किया गया था। 2019 में निगम ने फिर इसी संस्था से तीन साल के लिए अनुबंध किया। संस्था मोटर बोट और पैडल बोट के लिए हर महीने पर्यटन निगम को 1.66 लाख रुपये और जीएसटी का भुगतान करती है।


सुरक्षा आदि मानकों को जांचने के बाद ही निगम ने निषाद नौकायन विकास समिति को बोटिंग संचालित करने की अनुमति दी थी। इसके लिए 2019 में तीन साल का अनुबंध भी हुआ था। मगर पुलिस ने जबरन बोटिंग का संचालन बंद करा दिया। इसके लिए शासन में निगम के डीजी को पत्र लिखा जा रहा है।
- रवींद्र मिश्र, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, पर्यटन निगम
विज्ञापन

बोटिंग का संचालन जीडीए ने नहीं बंद करवाया। इसका संचालन  पर्यटन निगम कराता है। प्राधिकरण ने सिर्फ जार्बिंग बॉल, स्पीड बोट और जेट स्की का संचालन बंद करने के लिए पुलिस को पत्र लिखा था। इन तीनों खेलो का ही संचालन प्राधिकरण करता है। संबंधित फर्म ने इसे लेकर प्राधिकरण से अनुबंध नहीं कराया था जिसपर रोक लगाई गई।
- राम सिंह गौतम, सचिव, जीडीए


पुलिस ने बोटिंग नहीं बंद कराई। कुछ बोट चल रही हैं। पुलिस ने सिर्फ रामगढ़ताल में बोटिंग आदि का संचालन कर रहे लोगों से जीडीए के नोटिस का तामिला कराया है। सभी से अनुबंध के कागज मांगे गए। जीडीए ने बिना अनुबंध के जार्बिंग बॉल, बोट आदि का संचलन बंद कराने को पत्र लिखा था।
- राणा देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर, रामगढ़ताल  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें