गोरखपुर जिले में कोरोना के मामले लगातार घटते जा रहे हैं। बुधवार को कोरोना के केवल तीन नए मरीज मिले। एक मरीज शहरी और दो मरीज ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसके बाद से जिले में संक्रमितों की संख्या 21451 हो गई है। इनमें से 363 की मौत हो चुकी है। 21048 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि एक्टिव केस महज 40 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि कोरोना के मरीज अब बेहद कम हो चुके हैं। इसके बाद भी लगातार जांच कराई जा रही है। जल्द ही जिले को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया जाएगा। ब्यूरो
बूस्टर डोज लगवा चुके हैं, दोबारा मिला मैसेज
कोरोना वैक्सीनेशन के लिए तैयार किए गए कोविन पोर्टल ने विभाग के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। पोर्टल से अब उन लोगों को दोबारा टीकाकरण का मैसेज मिल रहा है, जिन लोगों ने बूस्टर डोज लगवा लिए हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के 50 से अधिक कर्मचारियों को ऐसे मैसेज मिले हैं। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन साथियों को समझाया, जिन्हें मैसेज मिला है।
सीएमओ कार्यालय के कंट्रोल रूम में ड्यूटी कर रहे शकील अहमद ने बताया कि उन्हें बूस्टर डोज लग चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी डिजिटल प्रमाण पत्र भी हासिल हो चुका है। बुधवार को मोबाइल नंबर पर एक बार फिर से कोविन पोर्टल से वैक्सीनेशन कराने का मैसेज मिला। इसी तरह सीएमओ कार्यालय के वैक्सीनेशन स्टोर में तैनात कैलाश नाथ पांडेय को भी मैसेज मिला है।