6139 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त करेंगे मुख्यमंत्री, यूपी स्टेट ट्रेड शो का करेंगे उद्घाटन
पांच बड़े निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र और कौशल विकास का प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट देंगे सीएम
आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी, ट्रेड शो में दिखेगा स्थानीय उत्पादों का जलवा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का 36वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और गीडा को बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री जहां औद्योगिक निवेश को गति देने के लिए पांच बड़े निवेशकों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे, वहीं 408 करोड़ रुपये की 114 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही वह तीन दिवसीय यूपी स्टेट ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे, जो क्षेत्रीय उद्योगों और स्थानीय उत्पादों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में गीडा ने अब तक कुल आठ लाख 71 हजार 841 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 115 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया है। इन भूखंडों के जरिये 6139 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 11,072 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इन आवंटनों में से पांच बड़े निवेशकों को स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आवंटन पत्र सौंपेंगे। प्रमुख औद्योगिक इकाइयों को जमीन उपलब्ध होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी 408 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं की सौगात गीडा को देंगे। इन परियोजनाओं में विभिन्न सेक्टरों में विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण, फीडर एवं लाइन सुदृढ़ीकरण, नई सड़कें, पार्किंग, जलापूर्ति और जलनिकासी से जुड़े बड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से औद्योगिक क्षेत्र के विकास को मजबूती मिलेगी और निवेशकों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा।
कौशल विकास का केंद्र बनकर उभरा नाइलिट का गीडा कैंपस
गीडा ने स्थानीय युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए नाइलिट के साथ एमओयू कर 9280 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित भवन निशुल्क उपलब्ध कराया है। यह कैंपस आज कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां अब तक 13 पाठ्यक्रमों में 817 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नाइलिट से प्रशिक्षित पांच युवाओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान करेंगे। यह पहल युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ट्रेड शो में नामी कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
स्थापना दिवस समारोह के साथ तीन दिवसीय यूपी स्टेट ट्रेड शो की भी शुरुआत होगी। इस ट्रेड शो में देश की बड़ी कंपनियों के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों और ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी ने पहले ही निर्देश दिए थे कि स्थानीय उत्पादों को बड़े मंच पर पहचान दिलाई जाए, जिसको ध्यान में रखते हुए यह ट्रेड शो आयोजित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सरकारी विभागों की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
एमएसएमई योजनाओं में नौ करोड़ से अधिक की सब्सिडी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित उद्यमियों को सब्सिडी और अनुदान के चेक प्रदान करेंगे। तकनीकी उन्नयन योजना के तहत अनिल कुमार, संगीता पांडेय, अनुराधा शुक्ला, संजय कुमार चौधरी और क्षितिज सिंघल को 5-5 लाख रुपये के चेक दिए जाएंगे। इसके साथ ही सीएम युवा उद्यमी योजना में सागर शर्मा, कंचनलता, महेश शर्मा, प्रवीन सिंह और मनीष सिंह को लाभ मिलेगा। एमएसएमई नीति के तहत पांच उद्यमियों को कुल पांच करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इनमें संदीप अग्रवाल को 1.69 करोड़ रुपये, जबकि ऋचा बथवाल, रामरेखा गुप्ता, मानवेंद्र प्रताप सिंह और अमित अग्रवाल को भी सब्सिडी मिलेगी। हथकरधा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के तहत अंबे प्रोसेसर के संतोष पारिख को 1.92 करोड़ रुपये का चेक दिया जाएगा। ओडीओपी योजना में सत्यम प्रजापति, दिग्विजयनाथ प्रताप सिंह, सीमू प्रभाकर राव, जर्नादन और पन्नेलाल को भी चेक वितरित किए जाएंगे।