गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की ओर से संचालित महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में बने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अप्रैल को करेंगे। शुभारंभ के अवसर पर एमपीआईटी ने ‘एआई फॉर ऑल’ ट्रेनिंग वर्कशॉप के लिए पांच लाख युवाओं को पंजीकृत करने की तैयारी की है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के प्रशिक्षण के साथ एक वैश्विक कीर्तिमान भी बनेगा।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के शुभारंभ के अवसर पर टीसीएस एवं टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन भी उपस्थित रहेंगे। एआई और साइबर सिक्योरिटी जागरूकता पर इस 60 दिवसीय निशुल्क वर्कशॉप को एमपीआईटी की तरफ से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, टीसीएस और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के साथ संयुक्त पहल के रूप में कराया जाएगा। वर्कशॉप की शुरुआत भी 15 से ही होगी।
एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल के अनुसार ट्रेनिंग वर्कशॉप के लिए पंजीकरण नौ अप्रैल तक किया जा सकता है। इसका लिंक एमपीआईटी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। एआई अवेयरनेस फॉर ऑल के साथ ही किसानों और कृषि के विद्यार्थियों के लिए ‘एआई अवेयरनेस फॉर फार्मर्स’ वर्कशॉप के लिए पंजीकरण शुरू किया गया है। इसमें एक हजार किसानों और कृषि के विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।