गोरखपुर। एम्स के ईएनटी विभाग एवं एमबीबीएस-2024 बैच की तरफ से ओरल कैंसर जागरूकता विषयक छात्र मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान लघु फिल्मों और नाटक के जरिये कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के दंश को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।
उद्घाटन डीएसडब्ल्यू प्रो. शिखा सेठ, डीन परीक्षा प्रो. मनोज सौरभ व चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अजय भारती ने किया। इस अवसर पर एमएमएमयूटी के डॉ. रितेश मौर्य ने ओरल कैंसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर प्रकाश डाला और बताया कि एआई तकनीक प्रारंभिक निदान को अधिक सटीक बना रही है। इस माैके पर तंबाकू निषेध नीतियों एवं विज्ञापन नियंत्रण पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने सुझाव दिए। इसके अलावा ऑन्कोलॉजी विषय पर क्विज का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रो. सुबोध पांडेय, प्रो. विवेक मिश्र, डॉ. मनोज, डॉ. चेतन साहनी, डॉ. आशीष अरविंद आदि मौजूद रहे।