गोरखपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें एमबीबीएस छात्र-छात्राओं के साथ नर्सिंग और फार्मेसी के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
रैली का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने लोगों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और तिरंगे की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. पीएन सिंह, डॉ. बिंदु सिंह, डॉ. शिल्पा वाहिकर, डॉ. रीता सिंह और कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य डॉ. अलका सक्सेना समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।