मां-बाप की डांट से नाराज होकर घर से निकलीं दो सगी बहनों समेत तीन छात्राओं को गुलरिहा पुलिस ने शनिवार सुबह झुगिया बाजार के पास से खोज लिया। तीनों के लापता होने पर परिजन की तहरीर के आधार पर बहला-फुसलाकर भगाने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अब नामजद युवकों के संपर्क में आने और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दोनों सगी बहनें स्कूल पहुंची थीं, जबकि तीसरी छात्रा घर से निकलने के बाद विद्यालय नहीं गई। दोपहर में वह दोनों बहनों को बुलाने स्कूल के गेट पर पहुंची लेकिन छुट्टी से पहले गेटमैन ने उसे बाहर जाने नहीं दिया। छुट्टी के बाद तीनों की नामजद युवकों से फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद शहर में मिलने के लिए तीनों एक साथ निकल गईं।
छात्राओं के लापता होने पर दोनों सगी बहनों के पिता की तहरीर पर जंगल माघी निवासी अभिषेक निषाद और तीसरी छात्रा की मां की तहरीर पर सूरज निषाद, रामअवध, राहुल व देवनाथ निषाद के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस नामजद युवकों की तलाश में उनके घर पहुंची तो वे अपने-अपने घर में सोते मिले।
इसी दौरान पुलिस को उस छात्रा का मोबाइल नंबर मिला, जिसके पास फोन था। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की तो गोरखनाथ क्षेत्र के सूरजकुंड की लोकेशन मिली। हालांकि कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। जांच में सामने आया कि तीनों छात्राएं नामजद युवकों के इंतजार में गुलरिहा क्षेत्र के झुंगिया के पास रुकी थीं। शनिवार सुबह मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो पुलिस को उनकी लोकेशन मिल गई।
इसके आधार पर पुलिस टीम ने झुंगिया बाजार के पास से तीनों को खोज लिया। पुलिस अब नामजद युवकों की भूमिका के साथ छात्राओं के उनके संपर्क में आने और उनके साथ निकलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि छात्राओं के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।