गोरखपुर। शहर मेें मंगलवार को भी डेंगू के तीन नए मरीज मिले। इसके साथ ही अब पीड़ितों की संख्या 27 हो गई है। इसमें से 11 मरीज शहरी इलाके में और 16 ग्रामीण इलाके के हैं। इसके अलावा शहर के एक स्कूल समेत सात जगहों पर मच्छर के लार्वा पाए गए, जिसके चलते संबंधित घरों के मालिकों को नोटिस दिया गया है। एक सप्ताह बाद इन घरों की दोबारा जांच की जाएगी।
अब हर दिन जिला अस्पताल अथवा बीआरडी में कोई न कोई सैंपल पॉजीटिव मिल रहा है। सोमवार को तीन केस मिलने के बाद मंगलवार को भी तीन नए केस सामने आए। इसमें इंदिरा नगर में 24 वर्षीय युवक और सिंघड़िया में 53 वर्षीय व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके अलावा बांसगांव क्षेत्र के तीतन कोहली गांव में भी 24 वर्षीय युवक डेंगू पीड़ित है।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि मंगलवार को 210 घरों की जांच की गई। सोर्स रिडक्शन (वह बर्तन या पात्र जिसमें जमा पानी में मच्छर के लार्वा होने की संभावना हो) 1241 जगहों पर की गई। दीवान बाजार में एक स्कूल और छह लोगों के घरों में लार्वा मिला, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है। अब तक 21 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष दूबे ने बताया कि डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए सभी लोगों को सहयोग करना होगा। अगर कोई व्यक्ति संक्रमित है तो अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल व स्वास्थ्य कर्मी को इसकी जानकारी जरूर दें। संक्रमित व्यक्ति के अलावा अन्य लोग भी मच्छरों से बचने का प्रयास करें।