बेसिक शिक्षा विभाग को ओर से फर्जी शिक्षकों के खिलाफ की जा रही जांच में अब तक 58 फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। वहीं 27 शिक्षकों के प्रमाणपत्र संदिग्ध मिलने पर उन्हें निलंबित किया है। इनकी जांच संबंधित ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों की ओर से की जा रही है।
उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही इनके भविष्य पर फैसला होगा। इनके अलावा विभाग को जिले में कार्यरत 20 और शिक्षकों के खिलाफ शिकायत मिली है। इनकी जांच विभाग की ओर से की जा रही है।
बर्खास्त शिक्षकों से होगी वेतन की वसूली
जिले में कार्यरत फर्जी शिक्षकों से वेतन वसूली की प्रक्रिया भी विभाग की ओर सेे शुरू की जा चुकी है। अब तक 25 शिक्षकों से वेतन वसूली की फाइल तैयार की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इन शिक्षकों ने करीब 14 करोड़ रूपये वेतन के मद में डकारे हैं। अब इनसे पूरे वेतन की वसूली होगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी करने वाले तीन शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बर्खास्त किया गया है। कई शिक्षकों के खिलाफ चल रही जांच आखिरी चरण में पहुंच गई है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई पूरी कर, पूरी रिपोर्ट तैयार का शासन को भेजी जाएगी। वेतन रिकवरी का काम भी चल रहा है।