गोरखपुर। बिल्डिंग मैटेरियल की आपूर्ति कराकर 33.28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में खजनी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को दिल्ली के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अप्रैल 2025 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, 50 हजार रुपये नकद, दो कूटरचित आधार कार्ड, एक कार समेत कई दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी योगेश डांगर, अलीपुर क्षेत्र के बख्तावरपुर निवासी हिमांशु और सेक्टर-31 रोहिणी निवासी विकास के रूप में हुई है। इनके खिलाफ खजनी थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।
जानकारी के अनुसार, खजनी क्षेत्र के छपिया निवासी विष्णुपाल सिंह सिविल कंस्ट्रक्शन और सप्लाई का काम करते हैं। नौ जनवरी 2025 को उनके मोबाइल पर फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को लखनऊ की जेबी ट्रेडिंग कंपनी का मालिक विजय गोयल बताया। उसने गोरखपुर, कुशीनगर और जौनपुर में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए गिट्टी और मोरंग की जरूरत बताई। भुगतान एक सप्ताह के भीतर करने का भरोसा दिया गया।
इसके बाद 13 से 27 जनवरी 2025 के बीच विष्णुपाल सिंह ने बताए गए तीन स्थानों पर निर्माण सामग्री की आपूर्ति कराई। आरोप है कि भुगतान मांगने पर टालमटोल की गई और बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आपूर्ति की गई सामग्री की कुल कीमत 33,28,315 रुपये थी, जिसका भुगतान नहीं किया गया था।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।