गोरखपुर। राजघाट थाना पुलिस ने जुए में जीत दिलाने का झांसा देकर व्यवसायी से करीब 21 लाख रुपये की ठगी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया जनपद के गौरीबाजार निवासी रामू राजभर, बस्ती जनपद के मुंडेरवा निवासी सतीश चौधरी और खजनी क्षेत्र के मिश्रौलिया निवासी केशव गुप्ता के रूप में हुई है।
मामला गोला बाजार थाना क्षेत्र के चक सरया निवासी प्रहलाद मौर्या से जुड़ा है। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि वह सर्फ बनाने का व्यवसाय करते हैं। इसी दौरान रामू राजभर उनके संपर्क में आया और सर्फ बिक्री में मदद कराने का झांसा दिया। आरोप है कि इसके बाद रामू राजभर ने उसे सतीश चौधरी और केशव गुप्ता से मिलवाया, जो स्वयं को सर्फ सप्लाई का काम करने वाला बताते थे। तीनों ने बीते 20 मई को पीड़ित को घंटाघर के पीछे रायगंज रोड पर बुलाया।
पीड़ित के अनुसार, वहां मुंगफली के दानों के जरिये जुए का दांव लगवाकर शुरुआत में उसे जीत दिलाई गई, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद बड़े दांव में लगातार हार दिखाकर उससे करीब 21 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप है कि मौके पर आरोपियों ने पीड़ित से 30 हजार रुपये नकद लेकर कहा कि शेष 20.70 लाख रुपये बाद में वापस कर दिए जाएंगे।
शक होने पर पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से 10-10 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गौरव वर्मा का कहना है कि दोनों आरोपियों को दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।