हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के भेउसा टोला (महुरईया) गांव में बुधवार रात पुरानी रंजिश और रास्ते के विवाद में सब्बल से हमला कर गांव के चौकीदार के बेटे की हत्या कर दी गई। आरोप है कि खेत में पानी चलाकर लौट रहे युवक पर चाचा और चचेरे भाइयों ने हमला कर दिया। घटना में चौकीदार और उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनका बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तीन आरोपियों चाचा शिवचरन और चचेरे भाई रणविजय व आलोक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, हरपुर-बुदहट थाने में चौकीदार के पद पर तैनात सुराली चौहान का मझला बेटा रामसेवक चौहान (30) बुधवार रात खेत में लौकी की फसल में पानी चलाकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में उसके चाचा शिवचरन और चचेरे भाई रणविजय व आलोक ने रोक लिया और सब्बल (खंती) से हमला कर दिया। हमले में रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर बेटे को बचाने पहुंचे चौकीदार सुराली चौहान और उनकी पत्नी चंद्रावती देवी को भी आरोपियों ने पीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने रामसेवक को मृत घोषित कर दिया। चौकीदार और उनकी पत्नी का इलाज जारी है।
रामसेवक की अभी शादी नहीं हुई थी। वह घर पर रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। उसके दो भाई रामअशीष और अविनाश शादीशुदा हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पटीदारी और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। आए दिन कहासुनी और मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं। थाना प्रभारी प्रशांत पाठक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
तीन महीने पहले भी आरोपियों ने की थी मारपीट, दर्ज है प्राथमिकी
चौकीदार सुराली चौहान के परिवार के सदस्य रमाकांत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन महीने पहले भी जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में भी गांव के ही शिवचरन, रंजीत, आलोक, जोखना, शिवमूरत, गोलू और नंदनी के खिलाफ हरपुर-बुदहट थाने में प्राथमिकी दर्ज है। इसी रंजिश को लेकर बुधवार रात आरोपियों ने रामसेवक पर घात लगाकर हमला किया।
तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन महीने पहले हुई मारपीट की घटना में भी केस दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल है।
-ज्ञानेंद्र, एसपी नार्थ