गोरखपुर। बिजली की आवाजाही और अघोषित कटौती ने रविवार को हजारों परिवारों की परेशानी बढ़ा दी। विद्युत उपकेंद्र शाहपुर से जुड़े अभयनंदन, विष्णु मंदिर और पीएसी फीडर से जुड़े करीब पांच हजार से अधिक परिवारों ने बिजली की आवाजाही का संकट झेला। वहीं असुरन चौक और एचएन सिंह फीडर से जुड़े करीब डेढ़ हजार परिवारों को लगभग चार घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र शाहपुर से जुड़े असुरन चौक और एचएन सिंह फीडर से जुड़े इलाकों में दोपहर करीब 12:30 बजे बिजली गुल हुई। करीब चार घंटे बाद शाम 4:30 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। गर्मी में लंबी कटौती से लोग परेशान रहे। बिजली न होने से कई घरों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिना पूर्व सूचना के इतनी लंबी कटौती से काफी दिक्कत हुई।
वहीं विद्युत उपकेंद्र विकासनगर से जुड़े करीब नौ हजार उपभोक्ताओं को भी घोषित समय के बाद बिजली नहीं मिली। सड़क चौड़ीकरण और लाइन शिफ्टिंग के कार्य को लेकर सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक बिजली कटौती घोषित थी। निर्धारित समय के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। करीब सवा चार बजे बिजली आई। इससे लोगों को करीब सवा घंटे अतिरिक्त बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
शाहपुर के उपखंड अधिकारी वीके जायसवाल ने बताया कि विद्युत माध्यमिक कार्य खंड की ओर से क्षेत्र में कार्य कराए जाने के लिए शटडाउन लिया गया था। कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।