उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां फोरलेन पर हर्रैया थाने के संसारीपुर चौराहे पर गुरुवार देर रात बारातियों की कार से ट्रक की टक्कर हो गई थी। इस घटना में दो की मौत मौके पर हो गई थी और तीसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शुक्रवार को उसकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। अभी वह सहजनवां पहुंचा ही था कि उसने दम तोड़ दिया। मृतक का नाम ओमकार (45) पुत्र राम नौकर निवासी डूड़ी थाना लालगंज है।
गुरुवार को लालगंज थाना क्षेत्र से पैकोलिया के पिपराकाजी बरात जा रही थी। फोरलेन पर हर्रैया थाने के संसारी पुर चौराहे पर बेकाबू ट्रक ने कार को ठोकर मार दिया था। जिसमें जनार्दन (40) पुत्र तमेश्वर निवासी गांव सोनहटा और बहरैची (35) पुत्र छबिलाल निवासी पृथ्वीपुर थाना लालगंज की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी हरैया सर्वेश राय ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया था। वहीं संतोष पाल (40) नाम व पता अज्ञात और ओमकार को रेफर कर दिया गया था। अभी भी संतोष पाल की हालत गंभीर बनी हुई है।