फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: जान के लिए रहम की गुहार लगाते रहे शिवकुमार, तलवार से वार करता रहा किशोर

विज्ञापन
विज्ञापन
शिव कुमार हत्याकांड ::::
विज्ञापन


- ई-रिक्शे से उतरकर जान बचाने के लिए भागे, आरोपी ने पीछा कर किया वार, सड़क पर गिरने के बाद भी नहीं रुका हमला
- वीडियो बनाने वाले पर भी तानी तलवार, वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

गोरखपुर। सिकरीगंज के अहिरौली खुर्द में हुए शिवकुमार हत्याकांड का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना की भयावहता सामने आई है। वीडियो में एक किशोर तलवार से शिवकुमार पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। खुद को बचाने के लिए खून से लतपथ शिव कुमार उससे रहम की गुहार लगाते रहे लेकिन आरोपी वार करता रहा।
सरेराह हुई वारदात का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं लोग पुलिस की कार्यशैली पर तरह तरह के सवाल उठा रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विज्ञापन

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शिवकुमार जान बचाने के लिए ई-रिक्शे से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान आरोपी किशोर तलवार लेकर उनके पास पहुंचता है और उनके हाथ, सिर और पेट में तलवार से वार करता है। शिवकुमार बचने के लिए आगे बढ़ते हैं तो आरोपी उनका पीछा शुरू कर देता है। उन्हें दौड़ाकर भी वार करता है। इस दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति किशोर से शिवकुमार को छोड़ने और हमला नहीं करने की गुहार लगाता सुनाई देता है लेकिन वह उनकी बात अनसुनी कर देता है।
कुछ देर बाद शिवकुमार सड़क किनारे गिर जाते हैं। इसके बाद आरोपी उनपर लगातार कई वार करता दिखाई देता है। घटना स्थल पर तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। इनमें एक व्यक्ति मोबाइल से घटना रिकॉर्ड कर रहा था, जबकि दो लोग आरोपी किशोर को हत्या से रोकने की कोशिश कर रहे थे। हमले के बीच आरोपी किशोर ने वीडियो बना रहे शख्स पर भी तलवार तान दी हालांकि वह किसी तरह से वहां से बच निकला।
हत्याकांड के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इनमें से एक वीडियो को 1300 से अधिक लोग देख चुके हैं। 85 से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है, जबकि 27 लोगों ने सरेराह हुए इस हत्याकांड का विरोध करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठते हुए कमेंट किए हैं।


वर्ष 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या की रंजिश के चलते बीते आठ अगस्त सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या की घटना हुई। मामले में सिकरीगंज थाने पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए सात नामजद आरोपियों में से छह तथा विवेचना में प्रकाश में आए दो आरोपियों समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। थाना प्रभारी सिकरीगंज अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।
- डॉ. कौस्तुभ, एसएसपी
-
सपा प्रतिनिधिमंडल ने शिव कुमार के परिजन से की मुलाकात
कुईं बाजार। सिकरीगंज क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव निवासी ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी के घर मंगलवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने परिजन से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सपा नेताओं ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस अमानवीय वारदात से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा रहना नैतिक और मानवीय दायित्व है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी और समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि इससे परिवार को न्याय के साथ भविष्य के लिए भी संबल मिल सकेगा। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, रुपावती बेलदार, विद्या सागर उर्फ छोटू, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, शशिकांत दुबे, अरविंद शुक्ला, जयराम यादव, खरभान यादव, घनश्याम राव आदि मौजूद रहे।


साइबर सेल वीडियो डिलीट करने में जुटी
शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है। टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे वीडियो की निगरानी करने के साथ उन्हें हटवाने की कवायद में जुटी है। पुलिस की कोशिश है कि घटना से जुड़े वीडियो का प्रसार रोका जा सके, ताकि लोगों में भय और आक्रोश का माहौल न बने। वीडियो के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने की जानकारी भी जुटाई जा रही है। साइबर सेल की टीम वायरल सामग्री के स्रोत और प्रसार से जुड़े पहलुओं पर भी नजर रख रही है।
विज्ञापन


सपा नेताओं ने भी वीडियो को शेयर करना शुरू किया
शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड का वीडियो सामने आने के बाद सपा नेताओं ने भी इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया है। नेताओं ने वीडियो के जरिये घटना की भयावहता सामने आने का दावा करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरेराह हुई इस निर्मम वारदात ने लोगों को झकझोर दिया है। सपा नेताओं ने घटना को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई है। वीडियो शेयर किए जाने के बाद इस मामले पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें