गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने पूर्व मित्र पर इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर ब्लैकमेल करने, गाली-गलौज करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब चार महीने पहले उसकी दोस्ती कॉलेज में साथ पढ़ने वाले उज्ज्वल राय उर्फ राज राय से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ गई थीं। कुछ समय तक सब कुछ सामान्य चलता रहा, लेकिन बाद में दोनों के संबंधों में खटास आ गई। युवती का आरोप है कि दोस्ती के दौरान आरोपी ने विश्वास में लेकर उसका इंस्टाग्राम पासवर्ड हासिल कर लिया था। वह अक्सर उसकी आईडी का इस्तेमाल भी करता था। रिश्ते बिगड़ने के बाद आरोपी ने बिना जानकारी दिए इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड बदल दिया, जिससे युवती अपनी ही आईडी का उपयोग नहीं कर पा रही थी।
तहरीर के अनुसार, पासवर्ड बदलने के बाद आरोपी इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर युवती के भाई को अभद्र संदेश भेजने लगा। उसने गाली-गलौज के साथ धमकी भरे मैसेज भी किए। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी कथित रूप से उसे ब्लैकमेल करने लगा। कई बार समझाने और अनुरोध करने के बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। इसके बाद युवती ने पुलिस की शरण ली। कैंट थाने में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था। विरोध करने पर फोटो, वीडियो और निजी चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इससे युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसकी सामाजिक छवि खराब होने का डर भी सताने लगा था।
बोले अधिकारी
पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी आशीष कुमार दूबे को प्रकरण की विवेचना सौंपी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निमिष पाटील,
एसपी सिटी