- शाम के पाली की परीक्षा छूटने के बाद रेलवे स्टेशन पर उमड़ा परीक्षार्थियों का रेला
- दिन में खाली गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन, शाम को सीट के लिए करनी पड़ी जद्दोजहद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थी आपातकालीन खिड़कियों के रास्ते ट्रेन के भीतर प्रवेश करते हुए दिखाई दिए। वहीं, बस स्टेशन का नजारा भी कुछ इसी तरह का रहा। यहां भी अभ्यर्थी बस के भीतर प्रवेश करने के लिए जद्दोजहद करते दिखे।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए रविवार को गोरखपुर और आसपास के जिलों से शहर में 50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंचे थे। अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए चार अतिरिक्त ट्रेनें और 400 अतिरिक्त बसें लगाईं गईं थी। दूसरे दिन पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद करीब 12:30 बजे से अभ्यर्थियों के रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन दिन में उनकी संख्या कम रही।
ऐसे में पहली पाली के अभ्यर्थियों को ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा और वह गोरखपुर-वाराणसी सिटी और गोरखपुर-बहराइच परीक्षा स्पेशल ट्रेन में सवार अभ्यर्थी आराम से सवार हुए होकर रवाना होकर दोपहर में रवाना हो गए। ट्रेन छूटने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ट्रेन छूटने के बाद भी रेलवे स्टेशन पहुंचते रहे। शाम के पाली की परीक्षा छूटने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन पहुंचे।
शाम 5:30 बजे तक रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर दो अभ्यर्थियों से खचाखच भर गया। इसी प्लेटफार्म से वाराणसी से परीक्षा स्पेशल ट्रेन को रवाना होना था। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन जैसे ही पहुंची अभ्यर्थी ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते हुए दिखे। कोई खिड़की के रास्ते तो कोई पटरियों को पार करके ट्रेन के दूसरे तरफ के दरवाजे से अंदर जाता हुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते ट्रेन अभ्यर्थियों से खचाखच भर गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को दरवाजों पर खड़ा होना पड़ा। अभ्यर्थियों को लेकर ट्रेन शाम 6:30 बजे प्लेटफार्म से रवाना हुई।
बसों में सीट के लिए दिखी मारामारी
रेलवे के तरह ही रोडवेज की भी स्थिति रही। सुबह के पाली की परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थी रेलवे बस स्टेशन पर पहुंचने लगे, लेकिन इनकी संख्या कम थी। ऐसे में अभ्यर्थी बसों में सवार होकर बिना किसी दिक्कत के रवाना हो गए। शाम के पाली की परीक्षा छूटने के बाद बस स्टेशन पर भारी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। बस स्टेशन पर अचानक अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने से रोडवेज के इंतजाम फेल दिखे। अभ्यर्थी बसों में चढ़ने तक के लिए जद्दोजहद करते हुए दिखाई दिए। सबसे ज्यादा अभ्यर्थी देवरिया की बस के लिए परेशान हुए। देवरिया के अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा रही।
कोट
भाई के साथ देवरिया से परीक्षा देने आई थी। परीक्षा स्पेशल ट्रेन से अब घर जा रही हूं। स्पेशल ट्रेन चलने से काफी सहूलियत मिली है।
निक्की साहनी, अभ्यर्थी
बलरामपुर सेंटर गया था, परीक्षा सेंटर दूर होने के कारण रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में देर हो गई। इससे ट्रेन छूट गई है। अब शाम की ट्रेन से जाऊंगा।
चंदन सिंह, अभ्यर्थी