पिपराइच इलाके में हुई घटना, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजवा दिया
अमर उजाला ब्यूरो
पिपराइच (गोरखपुर)। इलाके में शनिवार की शाम कोचिंग से लौट रही छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। युवक की हरकतों से परेशान छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और फिर आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
आरोपी की पहचान पिपराइच निवासी सतीश प्रजापति के रूप में हुई है। छात्रा के भाई ने थाने में केस दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक, युवती कस्बा में ही रोजाना कोचिंग के लिए जाती है। उसे अक्सर एक युवक कमेंट करता था, लेकिन वह बहुत ध्यान नहीं देती थी।
शनिवार को छात्रा जैसे ही कोचिंग से निकली और आरोपी युवक पीछे लगा और रास्ते में छेड़खानी करने के साथ ही बाइक आगे लगाकर रोक दिया। इसके बाद छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रा के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
.....
युवक पर लड़की के अपहरण का केस दर्ज
पिपराइच। थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव निवासी शिवम चौहान पर पुलिस ने बहला-फुसला कर लड़की के अपहरण करने का केस दर्ज कर लिया।
लड़की की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बेटी हाईस्कूल की छात्रा है। शिवम नाम का लड़का अपनी बातों में मेरी बेटी को बहला फुसला लिया था। इसी वजह से बिटिया की शादी पांच मार्च को तय कर दी थी। इस बीच शनिवार की दोपहर में शिवम चौहान ने प्लानिंग कर बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया। बेटी अपने साथ घर में रखे जेवर भी ले गई। ब्यूरो