रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 3 पर छपरा - अमृतसर पर बैठते अभ्यर्थी व अन्य।अमर उजाला
- फोटो : samvad
गोरखपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) देकर घर लौटने वाले परीक्षार्थियों की भीड़ रविवार को रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चलाई गई 05152 गोरखपुर-आजमगढ़ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन में सवार होने के लिए मारामारी की स्थिति रही।
भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में बैठाने में परेशानी हुई। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने मोर्चा संभाला और परीक्षार्थियों को एक-एक करके ट्रेन में बैठाया। पूरी ट्रेन भरने के बाद शाम को उसे आजमगढ़ के लिए रवाना किया गया। परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए परीक्षा विशेष ट्रेन शाम 6:30 बजे प्लेटफार्म नंबर दो ए पर खड़ी रही। ट्रेन में जगह पाने के लिए परीक्षार्थियों में होड़ लगी रही।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ की टीम लगातार जुटी रही। जवानों ने परीक्षार्थियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में बैठाया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। सभी सीटें भरने के बाद ट्रेन आजमगढ़ के लिए रवाना हो गई।
-
बाघ एक्सप्रेस के पहुंचते ही प्लेटफार्म पर बढ़ी भीड़
दोपहर 12:20 बजे बाघ एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचते ही प्लेटफार्म पर परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ गई। पीईटी देकर घर लौटने वालों में देवरिया जाने वाले परीक्षार्थियों की संख्या अधिक थी। ट्रेन में चढ़ने के लिए अफरातफरी मच गई। भीड़ अधिक होने के कारण कई परीक्षार्थियों को ट्रेन में जगह नहीं मिल सकी।
कोट
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ की टीम ने व्यवस्था संभाली। भीड़ नियंत्रित करने के लिए परीक्षार्थियों को एक-एक करके ट्रेन में बैठाया गया।
-गिरिजेश कुमार विश्वकर्मा, इंस्पेक्टर, आरपीएफ