गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को विभाग को कोइलहवा नकहा नंबर दो रोड पर स्थित एक परिसर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट में छापा मारा। मालिक को बुलाने के बहाने कर्मचारी भाग निकला। टीम ने जांच के लिए नोटिस चस्पा किया है। इसके साथ ही बूंदी पाउडर को जब्त किया गया, जबकि बेसन और नमकीन के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में कोइलहवा, नकहा नंबर दो रोड स्थित एक परिसर में बिना लाइसेंस के नकली पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर तैयार करने की शिकायत हुई थी। शाम को खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वामीनाथ एवं उमाशंकर सिंह की टीम मौके पर पहुंची तो परिसर के अंदर मौजूद व्यक्ति ने गेट खोलने से मना कर दिया और मालिक से बात करने के बहाने वहां से चला गया। इसके बाद टीम ने गेट पर विधिक नोटिस चस्पा किया। मालिक को तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर जांच कराने एवं स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्थित नहीं होने पर सरकारी कार्य में बाधा डालने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल नारायण सिंह की टीम ने मुंडेरा, चौरी-चौरा में मेसर्स एसआर इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। गुणवत्ता संदिग्ध होने पर मौके से 34 किलोग्राम बूंदी पाउडर जब्त किया गया। नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
नमकीन का लिया गया नमूना, दिया सुधार के लिए नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुंडेरी चक स्थित मेसर्स समृद्धि ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। वहां नमकीन का नमूना लिया गया। परिसर में मानक के अनुरूप व्यवस्था न पाए जाने पर खाद्य व्यवसाय ऑपरेटर को सुधार नोटिस जारी किया गया। इंदू ट्रेडर्स खोराबार से बेसन का नमूना लिया गया।
सुरक्षित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले और जांच में सहयोग न करने वाले खाद्य व्यवसायियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। होली में मिलावटखोरों को पकड़ने का अभियान जारी रहेगा।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा