सरदारनगर (गोरखपुर)। रेनबो वाटर पार्क में घूमने आई एक युवती ने वाटर पार्क के स्टाफ पर नशे की हालत में अभद्रता, मारपीट, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने चौरीचौरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता मुस्कान सोनकर, निवासी बशारतपुर, थाना शाहपुर ने तहरीर देकर बताया कि वह रविवार को अपने परिवार के साथ रेनबो वाटर पार्क चाैरीचाैरा घूमने गईं थीं। आरोप है कि इसी दौरान वाटर पार्क के कुछ कर्मी नशे की हालत में उनके परिवार के साथ बदतमीजी करने लगे। विरोध करने पर स्टाफ ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में शिव कुमार और हर्षित सोनकर सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान स्टाफ ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया, एक मोबाइल तोड़ दिया और मोबाइल में रिकॉर्ड घटना का वीडियो भी डिलीट कर दिया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।