गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एक मई को अपना 76वां स्थापना दिवस मनाएगा। इसके भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर विशिष्ट पुरातन छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा।
डीडीयू प्रशासन ने इस आयोजन को लेकर पुरातन छात्र परिषद के अध्यक्ष और राजनीति शास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित उपाध्याय को समन्वयक नियुक्त किया है। उन्हें आयोजन के गठन को लेकर कमेटी गठित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कमेटी लगभग तय हो गई है, कुछ संशोधनों के साथ एक-दो दिन में कमेटी सदस्यों की सूची फाइनल कर ली जाएगी। कमेटी में 25 से अधिक सदस्य शामिल किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि प्रतिनिधित्व देने के लिए समिति में महाविद्यालयों के शिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा। इसे लेकर गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जनपदों को जोन में बांटकर जोन स्तर पर कॉलेजों के शिक्षक समन्वयक बनाए जाएंगे। स्थापना दिवस समारोह के मुख्य मंच से सम्मानित किए जाने के लिए विशिष्ट पुरातन छात्रों के नाम पर भी मंथन किया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त पुरातन छात्र सम्मानित किए जाएंगे।
अप्रैल के अंतिम हफ्ते में विभागवार पुरातन छात्र सम्मेलन
डीडीयू प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि अप्रैल के अंतिम हफ्ते में विभागवार पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी विभाग आयोजन की तिथि को लेकर विमर्श कर रहे हैं। कुछ विभागों में आयोजन की तिथि तय हो गई है। समन्वयक डॉ. अमित उपाध्याय ने बताया कि राजनीति शास्त्र विभाग में 26 अप्रैल को आयोजन किया जाएगा। पुरातन छात्रों को भी विभागीय आयोजन को लेकर अहम जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
बोलीं कुलपति
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि एक मई को विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य मंच से विशिष्ट पुरातन छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस माह के अंतिम हफ्ते में विभागवार पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।