गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई के 63वें वार्षिक प्रांतीय महाधिवेशन का समापन शुक्रवार को तारामंडल स्थित एक निजी होटल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर संघ के प्रांतीय संरक्षक जगदीश पांडेय ठकुराई ने कहा कि देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू होनी चाहिए। इसके लिए संगठन शिक्षा बचाओ अभियान चलाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों को जोड़कर सहायता प्राप्त विद्यालयों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। आरटीई में ग्राम शिक्षा समिति व स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के गठन का प्रावधान है लेकिन आज तक इन्हें अधिकार संपन्न नहीं बनाया गया।
डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि ठकुराई के नेतृत्व में ही पेंशन का ट्रेजरी से भुगतान, 62 वर्ष अधिवर्ष आयु, ऑनलाइन स्थानांतरण और उच्चीकृत वेतनमान जैसी मांगें पूरी हुईं। संयोजक डॉ. अजय पांडेय ने कहा कि संगठन पुरानी पेंशन, रिक्त पदों पर भर्ती, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और शिक्षकों को केवल शैक्षिक कार्य दिए जाने जैसी मांगों को लेकर संघर्ष करेगा।
जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि संगठन शिक्षा और शिक्षक हित में हर संघर्ष के लिए तैयार है। जिलामंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव ने कहा कि सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा। इस अवसर मंडल अध्यक्ष दुर्गेश दत्त पांडेय, कैप्टन जितेंद्र सिंह, डॉ. बृजेंद्र सिंह, प्रहलाद सिंह, रामजी बागी, सुधीर सिंह, सुभाष यादव, अनंत मौर्य, रंजना ठाकुर, अवनींद्र सिंह, डॉ. दिनेश गौतम, आंशिका, राघवेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।