30 जून तक सभी छात्रों की अपार आईडी बनाने का दिया गया है लक्ष्य, निजी विद्यालयों की प्रगति धीमी
गोरखपुर। जिले के सभी विद्यालयों में छात्रों की अपार आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद अभी भी बहुत से निजी विद्यालय अपार आईडी बनाने में रूचि नही दिखा रहे हैं। अभी भी करीब 40 प्रतिशत छात्रों की अपार आईडी नहीं बन सकी है। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी विद्यालयों को 30 जून तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
अपार आईडी के माध्यम से प्रत्येक छात्र को एक विशिष्ट पहचान संख्या (पेन) प्रदान की जाती है। यह 11 अंकों का यूनिक नंबर होता है, जो छात्र की पूरी स्कूली शिक्षा के दौरान एक ही रहता है। इसके जरिये छात्र का शैक्षणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है और स्कूल बदलने पर भी उसकी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
विभाग के अनुसार, सरकारी विद्यालयों में अपार आईडी बनाने का कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है, जबकि कई निजी विद्यालय अभी भी निर्धारित लक्ष्य से पीछे हैं। विभाग लगातार विद्यालय प्रबंधनों से संपर्क कर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दे रहा है। जिले के सभी विद्यालयों को 30 जून तक प्रत्येक छात्र की अपार आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है।
वर्जन
अपार आईडी को लेकर जिन विद्यालयों की ओर से रुचि नहीं दिखाई जा रही है और निर्धारित समय सीमा तक लक्ष्य पूरा नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 30 जून तक लक्ष्य पूरा नही हुआ तो ऐसे विद्यालयों की मान्यता भी रद्द करने की प्रक्रिया भी होगी। अपार आईडी को लेकर कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
-धीरेंद्र त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी