- काफी समय से बनकर तैयार है अत्याधुनिक आईसीयू, पांच नये वेंटिलेटर भी लगेंगे
-पहले से मौजूद छह वेंटिलेटर में खराब होने के चलते पांच उपयोग में नहीं
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में गंभीर मरीजों के उपचार की सुविधाएं जल्द ही और सशक्त होने जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने लंबे समय से तैयार 32 बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू को जल्द शुरू करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके साथ ही कॉमन आईसीयू के लिए पांच नए वेंटिलेटर खरीदने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। इन दोनों व्यवस्थाओं के लागू होने के बाद गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और अस्पताल की क्रिटिकल केयर क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
इस समय नेहरू अस्पताल के कॉमन आईसीयू में छह वेंटिलेटर युक्त बेड हैं लेकिन इनमें से केवल एक वेंटिलेटर ही कार्यरत है। शेष वेंटिलेटर खराब या तकनीकी कारणों से उपयोग में नहीं हैं, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सांस लेने में गंभीर दिक्कत वाले मरीजों को कई बार अंबु बैग के सहारे कृत्रिम श्वसन देना पड़ता है। इस दौरान तीमारदारों को लगातार हाथ से अंबु बैग दबाना पड़ता है, जिससे मरीज के साथ-साथ परिजनों की परेशानी भी बढ़ जाती है। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में 32 बेड का नया आईसीयू पहले ही तैयार कर लिया गया था लेकिन डॉक्टरों, नर्सों और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की कमी के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नए आईसीयू के संचालन और पांच नए वेंटिलेटर की खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद गंभीर मरीजों को पहले की तुलना में कहीं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे आईसीयू में बेड की कमी दूर होगी और अंबु बैग के सहारे मरीजों को रखने जैसी परिस्थितियों में भी कमी आएगी।