गोरखपुर। चौधरी चरण सिंह ग्राम्य विकास संस्थान, चारूचंद्रपुरी में मंगलवार को देवरिया के पूर्व विधायक व समाजवादी तथा शिक्षक आंदोलन के वरिष्ठ नेता स्व. रुद्रप्रताप सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश में समाजवादी विचारधारा का मजबूत स्तंभ बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ने कहा कि स्व. रुद्रप्रताप सिंह ने डॉ. राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, राजनारायण, जॉर्ज फर्नांडिस, मधु लिमये, जनेश्वर मिश्र और अन्य समाजवादी नेताओं के साथ मिलकर पूर्वांचल में समाजवादी विचारधारा को मजबूत किया। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित महामंत्री अरविंद कुमार सिंह ने उन्हें अपना चाचा बताते हुए कहा कि 96 वर्ष का उनका जीवन त्याग, सादगी, नैतिकता और जनसेवा का प्रतीक था। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। सभा में जनसत्ता दल के महामंत्री विनीत कुमार सिंह, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के अध्यक्ष माधव प्रसाद शर्मा समेत अनेक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।