कैंट इलाके का मामला, सिर पर चोट के निशान, बाहर से बंद था शटर, नहीं लगा था ताला, दो दिन से लापता थीं गंगोत्री
पार्टनर की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी
महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के करमैनी गांव की रहने वाली थी युवती
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के जिला पंचायत रोड स्थित एमपी बिल्डिंग में बंद पड़ी प्रिंटिंग प्रेस की दुकान के रेस्ट रूम में बुधवार को 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दो दिन से बंद दुकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
शव की पहचान महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के करमैनी गांव निवासी गंगोत्री यादव (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
गंगोत्री के बड़े भाई रमेश यादव ने बताया कि बहन पिछले 10 वर्षों से गोरखनाथ क्षेत्र के कौड़ियहवा में वैद्यनाथ यादव के किराए के मकान में रहती थीं। वह पहले एक चिकित्सालय में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। बहन ने करीब आठ साल पहले मोहद्दीपुर निवासी राकेश सिंह पहलवान से एमपी बिल्डिंग स्थित उनकी दुकान को किराए पर लिया और जिला अस्पताल के पास रहने वाले अनिल गुप्ता के साथ पार्टनरशिप में प्रिंटिंग प्रेस का काम शुरू किया था।
बड़े भाई के अनुसार, वह रविवार को बहन से दुकान पर मिले थे, जहां उसका पार्टनर भी मौजूद था। इसके बाद से गंगोत्री का मोबाइल बंद हो गया। सोमवार और मंगलवार को भी संपर्क नहीं होने पर उन्होंने तलाश शुरू की। मकान मालिक से पूछताछ में पता चला कि वह रविवार के बाद कमरे पर नहीं लौटी थीं। बुधवार सुबह जब परिजन दुकान पहुंचे तो शटर बंद था लेकिन ताला नहीं लगा था। अंदर से दुर्गंध आ रही थी। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस से मदद मांगी।
इसके बाद फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंचे कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने जब शटर खोला तो रेस्ट रूम में गंगोत्री का शव पड़ा मिला। गर्मी के कारण शव सड़ने लगा था। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं, युवती का पार्टनर रविवार से ही मोबाइल बंद कर गायब है। परिजनों ने पार्टनर और पूर्व कर्मचारी दीपक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रिंटिंग प्रेस की बंद दुकान में युवती का शव मिला है। पास में मोबाइल भी मौजूद मिला। सिर पर चोट के निशान थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। साथी कर्मचारियों की तलाश जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
- निमिष पाटील, एसपी सिटी