गोरखपुर। भगवान जगन्नाथ की परंपरागत रथयात्रा असुरन चौक स्थित विष्णु मंदिर से शुरू होगी जिसमें श्रद्धालु भगवान की रथ को खींचेंगे। इस अनुष्ठान की शुरुआत सोमवार को भगवान के जलाभिषेक से होगा।
कार्यक्रम का आयोजन मानस उत्थान समिति की ओर से किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष राधेश्याम श्रीवास्तव के अनुसार, सोमवार 29 जून को विष्णु मंदिर में भगवान के जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसके बाद 30 जून से 15 जुलाई तक भगवान विश्राम पर रहेंगे। उन्हें प्रतिदिन काढ़ा का ( अदरक, अजवाइन,लवंग, काली मिर्च, तुलसी पत्र मिलाकर लाल चाय) सेवन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे से विष्णु मंदिर असुरन चौक से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पुरी से आई भगवान जगन्नाथ ,बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमा के साथ निकाली जाएगी। लोग आस्था के साथ रथ को खींचेंगे। रथयात्रा विष्णु मंदिर से निकलकर मेडिकल कॉलेज रोड, एचएन सिंह चौराहा, धर्मपुर तिराहा, गीता वाटिका होते हुए असुरन चौक से होकर विष्णु मंदिर तक जाएगी। इसके बाद भगवान की आरती पूजन करने के बाद श्रद्धालु भंडारे में प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इसके साथ ही बेनीगंज स्थित शीश महल मंदिर से भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।