पिपरौली (गोरखपुर)। गीडा थाना क्षेत्र के तेनुआन गांव में पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने को लेकर एक विधवा के साथ मारपीट और जेवरात छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता श्याम दुलारी देवी ने तहरीर में आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया था। बच्चों के बड़े होने पर वह छह माह पहले दोबारा घर में रहने आई थीं।
आरोप है कि 27 जून की शाम उनकी जेठानी गीता देवी और उनके बच्चों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की, हिस्सा देने से इन्कार किया और मारपीट शुरू कर दी। बेटी के साथ अभद्रता, बेटे की लाठी-डंडों से पिटाई व बेटी के नाक-कान के सोने के आभूषण छीनने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ अश्विनी पांडेय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों पक्षों का चालान किया गया है।