गोरखपुर। बारिश ने महेवा मंडी की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। मंडी परिसर में जगह-जगह कीचड़ के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों के साथ-साथ माल की ढुलाई में भी दिक्कतें आ रही हैं।
कीचड़ के कारण वाहन और ठेले आसानी से नहीं निकल पा रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारी विजय कुमार सोनकर ने बताया कि हर बारिश में मंडी की यही स्थिति हो जाती है। नियमित साफ-सफाई और नालों की समय पर सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है। वहीं पवन सिंघानिया का कहना है कि कई बार मंडी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा नालों की सफाई कराने की मांग की गई लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर की नियमित सफाई, नालों की तत्काल सफाई और जलभराव से स्थायी राहत दिलाया जाना चाहिए।