बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर राजघाट में हुआ कार्यक्रम
गोरखपुर। शहर में रंगभरी एकादशी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर में पूर्ण वैदिक विधान से उत्सव आयोजित हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई और भगवान शिव व माता पार्वती का भव्य श्रृंगार किया गया। विद्वान आचार्यों की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने फूलों और अबीर-गुलाल से होली खेलकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर राजघाट परिसर में ठंडाई व भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। होली के भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु होली के गीत व भगवान के भजनों पर झूमते रहे।
मंदिर के पुजारी शत्रुंजय ने बताया कि इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली है। उधर विष्णु मंदिर, असुरन में भी रंगभरी एकादशी पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान विष्णु को भोग अर्पित कर फूलों की होली खेली गई। आयोजन का संचालन आचार्य शत्रुंजय शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सराफा मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा, अनिल सिंह, विनीत सिंह तथा तहसीलदार गौतम गुप्ता उपस्थित रहे।