गोरखपुर। बरगदवा की रहने वाली वर्णिका उपाध्याय साइबर ठगी का शिकार हो गई थी। ठग ने खुद को एस्ट्रोलाजर बताकर टेलीग्राम पर लिंक भेजा और पूजा-पाठ के नाम पर 2.36 लाख रुपये ठग लिए। मंगलवार को पुलिस ने उसके रुपये वापस लौटा दिए।
घटना के बारे में पता चलने पर पीड़िता ने 31 अक्तूबर को चिलुआताल थाने में तहरीर दी थी। पीड़िता ने बताया कि लिंक डाउनलोड करने के बाद जालसाज ने फोन पर संपर्क किया और समस्याओं का समाधान करने के लिए पूजा-पाठ करवाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद वह एक और लिंक भेजकर रकम जमा कराने को कहा। रकम भेजने के बाद आरोपी ने मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया, जिससे पीड़िता को ठगी का अंदेशा हुआ। थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। आरोपी के खाते में जमा रकम तुरंत होल्ड कराई गई और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2.36 लाख रुपये पीड़िता के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।