गोरखपुर। गोरखनाथ पुराने ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 मई से 15 जून तक इसकी मरम्मत की जाएगी। इस दौरान पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये सभी वाहन नए पुल से होकर गुजरेंगे।
मरम्मत कार्य के दौरान पुल की आधी लेन को घेरकर कार्य किया जाएगा। इस दौरान छोटे वाहन गुजर सकेंगे। सहालग में वाहनों के दबाव की वजह से मरम्मत कार्य को टाला जा रहा था। अब यातायात पुलिस से अनुमति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1980 में निर्मित यह पुराना पुल पिछले कुछ समय से जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। नियमित निरीक्षण के दौरान पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स सहित कई हिस्सों में खराबी पाई गई थी। लंबे समय से मरम्मत कार्य लंबित होने के कारण पुल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई थी।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत के दौरान पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स बदले जाएंगे और अन्य तकनीकी खामियों को भी दुरुस्त किया जाएगा ताकि पुल को फिर से सुरक्षित और मजबूत बनाया जा सके। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड तीन के अधिशासी अभियंता ध्रुव अग्रवाल ने बताया कि मरम्मत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।