गोरखपुर। होली पर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने रिकॉर्ड संख्या में होली विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर कुल 94 होली विशेष ट्रेनें 510 फेरों में चलाई जा रही हैं ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक सुगम यात्रा का विकल्प मिल सके।
होली से पहले महानगरों और प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अंबाला, अमृतसर, चंडीगढ़, कोलकाता (सियालदह), धनबाद, आसनसोल, नई दिल्ली, हैदराबाद, पुणे, मुंबई, गोंदिया, पुरी, राजकोट, वलसाड, वडोदरा, गुवाहाटी, रांची, गंगानगर, जयपुर और जोधपुर समेत कई शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई हैं।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि होली के बाद वापसी की बढ़ती मांग को देखते हुए 64 होली विशेष ट्रेनें 342 फेरों में चलाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 30 विशेष ट्रेनें 168 फेरों में पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से होकर संचालित हो रही हैं। गोरखपुर से मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस व पुणे), नई दिल्ली, चंडीगढ़, गुवाहाटी (नारंगी), रांची, वडोदरा और हैदराबाद समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष फेरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा गोमतीनगर, बनारस, मऊ, छपरा, लालकुआं, टनकपुर और काठगोदाम जैसे स्टेशनों से भी विभिन्न महानगरों के लिए होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय विशेष ट्रेनों में उपलब्ध बर्थ की जानकारी अवश्य जांच लें। ट्रेनों से संबंधित सभी जानकारी रेलवे के आधिकारिक एप और वेबसाइट पर उपलब्ध है।