पुरानी रंजिश में पीट-पीट कर की गई थी हत्या, वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद
जेल भेजे गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
सिकरीगंज। पुरानी रंजिश में पिंटू लाल की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सिकरीगंज पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही नामजद दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
सिकरीगंज क्षेत्र के ढखवा बाजार निवासी पिंटू लाल पर कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बड़ी बहू सीमा देवी को भी धमकी देने का आरोप है। गंभीर हालत में पिंटू लाल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में दर्ज प्राथमिकी की जांच के दौरान पुलिस ने ब्रह्मसारी निवासी मुकेश साहनी और सम्मेलन साहनी के साथ ही ढखवा बाजार निवासी मन्नू साहनी, अमरेश साहनी और मीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मन्नू साहनी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। नामजद दो अन्य आरोपियों अरविन्द और रामबदन की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।