गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी कार्यालयों, पुलिस विभाग, बीआरडी मेडिकल कॉलेज और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में ध्वजारोहण, माल्यार्पण, पौधरोपण, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
- गांधी आश्रम में चरखा चलाकर काता सूत
गोलघर स्थित गांधी आश्रम में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने आश्रम में चरखा चलाकर सूत काता और खादी व स्वदेशी उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि चरखा स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना का प्रतीक रहा है। मंडलायुक्त ने खादी उत्पादों की जानकारी लेने के साथ खरीदारी करने पहुंचे लोगों से भी बातचीत की और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान गांधी आश्रम के मंत्री विशेश्वर नाथ तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
- कलक्ट्रेट में पौधरोपण, स्वच्छता का संदेश
जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम हुआ। ध्वजारोहण के बाद गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सीआरओ हिमांशु वर्मा, एडीएम वित्त व राजस्व जय प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी प्रेम नारायण, उप जिलाधिकारी आनंद कटारिया, उप जिलाधिकारी आरती साहू सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं एडीजी जोन राम कुमार ने कार्यालय में ध्वजारोहण कर गांधी और शास्त्री को नमन किया। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को उनके आदर्शों को कार्यशैली में उतारने का संदेश दिया और उपहार वितरित किए।
डीआईजी रेंज एस चनप्पा ने भी रेंज कार्यालय में ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने ध्वजारोहण किया और गांधी-शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। पुलिस लाइन में नियुक्त अनुचरों को सप्रेम भेंट भी प्रदान की गई। इस दौरान एसपी नार्थ राजेश गुनावत, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ कैंट अरुण कुमार, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी थानों और कार्यालयों में भी माल्यार्पण कर राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई गई।
- बीआरडी व गीडा में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ध्वजारोहण और माल्यार्पण हुआ। एमबीबीएस व पीजी विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में भी गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।