गोरखपुर। दिन में चल रहीं तेज गर्म हवाएं अब परेशान करने लगी हैं। लगातार बढ़ते तापमान के साथ ही हवाओं के चलने से लोगों का दिन में निकलना मुश्किल हो रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि सतही तेज हवाएं 13 अप्रैल तक चलेंगी। मंगलवार से मौसम सामान्य रहेगा। माना जा रहा है कि हवाएं थमने के बाद भी तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। रविवार को भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 37.5 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की तुलना में एक दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
अभी अप्रैल के औसत से अधिक है तापमान
जनपद में अप्रैल महीने का न्यूनतम औसत तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसी तरह अधिकतम औसत तापमान 37.4 डिग्री रहता है। अप्रैल में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है। इस तरह देखा जाए तो रविवार को अधिकतम तापमान अप्रैल के औसत से अधिक रहा। आशंका जताई जा रही है कि तापमान इसी तरह रहने पर अप्रैल के उच्चतम के स्तर को भी इस बार पार कर सकता है।