- मंडल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इंटर क्लब क्रिकेट लीग बी-डिवीजन के अंतर्गत खेला गया मुकाबला
गोरखपुर। मंडल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इंटर क्लब क्रिकेट लीग बी-डिवीजन के मुकाबले में लुत्तूर क्रिकेट एकेडमी ने बीएमटी सी क्रिकेट एकेडमी को छह विकेट से हराकर आगे की राह बनाई।
शुक्रवार को गोरक्ष क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर बीएमटी क्रिकेट एकेडमी सी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीएमटी क्रिकेट एकेडमी सी के बल्लेबाजों ने बेहद ही खराब प्रदर्शन किया और कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। बीएमटी सी की पूरी टीम 17.3 ओवर में 56 रनों पर सिमट गई।
गेंदबाजी में लुत्तूर क्रिकेट एकेडमी के कप्तान प्रिंस सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके। रमेश ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 6 रन देकर 2 विकेट लिए। 57 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुत्तूर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने आठ ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। लुत्तूर की ओर से दीपक कुमार ने सर्वाधिक 22 रनों की पारी खेली। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रिंस सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।