गोरखपुर। ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए जल निगम ग्रामीण का विशेष अभियान चल रहा है। यह अभियान 10 नवंबर तक चलेगा। जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक सड़क दुरुस्त नहीं हुई है, वहां के लोग विभाग को सूचना दे सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मरम्मत कराई जाएगी।
गोरखपुर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 18472 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी। इसमें से 17511 किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत वर्तमान में 203 टीमें लगाई गई हैं। इनके माध्यम से 1305 किलोमीटर सड़क के पुनर्स्थापना का कार्य पूरा किया गया है। संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत पर होगी कार्रवाई : ग्रामीण क्षेत्रों में टूटी सड़क की शिकायत जल निगम ग्रामीण के टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर की जा सकती है। इसके अलावा जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा है। जलसारथी ऐप पर फोटो और वीडियो अपलोड कर समस्या की जानकारी दी जा सकती है।