- खजनी तहसील का कमिश्नर-डीआईजी ने किया औचक निरीक्षण, सुनीं समस्याएं
उनवल। खजनी तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीआईजी डॉ. एस चनप्पा औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। दोनों अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र के मऊधर मंगल निवासी रामा यादव ने अवैध मिट्टी खनन का मुद्दा उठाया, जिस पर कमिश्नर और डीआईजी ने जांच के निर्देश दिए।
रामा यादव ने आरोप लगाया कि मौजा रोहुआ स्थित उनकी करीब दो बीघा जमीन पर खनन माफिया मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर है। शनिवार को जब वह खेत देखने पहुंचे तो पूरी जमीन खोदी हुई मिली। उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि मिट्टी तक सुरक्षित नहीं रह गई है। इस घटना ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी चौंका दिया। वहीं, ग्राम सभा छोटी मसी के 90 वर्षीय चंद्रिका शुक्ला ने भी अपनी शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि पिपरहा क्षेत्र में उनकी जमीन का सीमांकन तहसील प्रशासन द्वारा कराया गया था लेकिन बाद में विरोधियों को कथित रूप से कब्जा दिला दिया गया। आरोप है कि सीमांकन के लिए लगाए गए पत्थरों को भी उखाड़कर फेंक दिया गया।
समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। कमिश्नर और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। करीब एक घंटे तक एडीएम और एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में समस्याएं सुनी गईं और निस्तारण की प्रक्रिया जारी रही।