गोरखपुर। शहर के चर्चित राजकुमार चौहान हत्याकांड में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी पूरी कर ली है। इसी सप्ताह कोर्ट में 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ विवेचना पूरी कर ली है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों को हत्या का दोषी माना गया है, जबकि आठ अन्य को साजिश रचने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में नामजद किया गया है।
वहीं, नामजद आरोपियों में शामिल पार्षद धर्मदेव चौहान की भूमिका अभी जांच के दायरे में है। पुलिस ने उन्हें फिलहाल क्लीनचिट नहीं दी है और साक्ष्य मिलने पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
17 मार्च की सुबह करीब 6:15 बजे बरगदवा निवासी प्राॅपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। घटना के बाद उनकी पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दीपक गौड़, धर्मदेव चौहान, लालजी यादव उर्फ गट्टू, धरमपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडेय, सत्येंद्र चौधरी उर्फ टिल्लू, अभय पांडेय समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बरगदवा निवासी राज चौहान उर्फ निरहू और विपिन यादव को मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित किया। दोनों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने साजिश और साक्ष्य छिपाने के आरोप में दीपक गौड़, लालजी यादव, शेषनाथ यादव, अंकित यादव, देवव्रत यादव, मनीष यादव और सचिन यादव को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोप तय किए गए हैं। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।
इस संबंध में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने कहा कि राजकुमार हत्याकांड में चार्जशीट तैयार कर ली गई है। इसी सप्ताह कोर्ट में दाखिल की जाएगी। फिलहाल 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगाई जा रही है। अन्य की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।